इनर व्हील क्लब ने शहीद भगत सिंह पार्क में किया पाैधाराेपण

WhatsApp Channel Join Now
इनर व्हील क्लब ने शहीद भगत सिंह पार्क में किया पाैधाराेपण


रामगढ़, 09 जुलाई (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से गुरुवार को पंजाबी मोहल्ला स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में पाैधारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में क्लब की पदाधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्षा श्वेता जैन ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण में भी इनकी अहम भूमिका है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने की अपील की।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को हरित अभियान से जोड़ना था। समापन पर सभी सदस्यों ने भविष्य में भी जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया तथा उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

पाैधाराेपण कार्यक्रम में क्लब अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, प्रियंका जैन, जसमीत सोनी, रंजू अरोड़ा, नीरू साहनी, गुरबक्स सैनी, जसप्रीत कौर एवं ममता अग्रवाल सहित क्लब की सदस्याएं और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story