राज्यपाल से मिले नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्त, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ दायित्व निभाने का दिया संदेश
रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को रांची स्थित लोक भवन में राज्य के चार नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी आयुक्तों को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए सूचना के अधिकार अधिनियम की मूल भावना के अनुरूप निष्पक्ष, पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली अपनाने का आह्वान किया।
राजभवन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, राज्य सूचना आयुक्त अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक ने लोक भवन में राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने राज्य सूचना आयोग की भूमिका, सूचना के अधिकार अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सुशासन को मजबूत बनाने में आयोग की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य सूचना आयुक्तों का दायित्व केवल अपीलों और शिकायतों का निस्तारण करना भर नहीं है, बल्कि शासन व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनविश्वास को सुदृढ़ करना भी है। उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण आधार है, जो प्रशासन को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और नागरिक-केंद्रित बनाने में अहम भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी नवनियुक्त आयुक्तों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्पक्षता, ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि आयोग के प्रत्येक निर्णय में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन, समयबद्ध सुनवाई तथा तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय सुनिश्चित होना चाहिए। इससे आम नागरिकों का सूचना आयोग पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
इस अवसर पर नवनियुक्त राज्य सूचना आयुक्तों ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि वे सूचना के अधिकार अधिनियम की मूल भावना के अनुरूप निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से कार्य करेंगे तथा आयोग की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखते हुए नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

