चेंबर के कार्यकारिणी की बैठक में औद्योगीकरण और भवन नियमितीकरण पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
चेंबर के कार्यकारिणी की बैठक में औद्योगीकरण और भवन नियमितीकरण पर चर्चा


रांची, 30 मई (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की वर्तमान कार्यकारिणी समिति की नौवीं बैठक शनिवार को चेंबर भवन में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई।

अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि राज्य में औद्योगीकरण को गति देने के उद्देश्य से झारखंड चेंबर की ओर से राज्य के इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा किया जा रहा है। प्रथम और द्वितीय चरण के दौरान उद्योगों से संबंधित जो समस्याएं सामने आई हैं, उन्हें उद्योग सचिव और जियाडा के प्रबंध निदेशक के समक्ष रखकर उनके समाधान की दिशा में पहल की गई है। उन्होंने झारखंड में निफ्ट की स्थापना के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया। उन्होंने कहा कि ओरमांझी में निफ्ट की स्थापना के लिए राज्य सरकार की ओर से केंद्र सरकार से पत्राचार किया गया है और इसकी जानकारी झारखंड चेंबर को भी उपलब्ध कराई गई है।

भवन नियमितीकरण को लेकरराज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाएगा चेंबर

सह सचिव रोहित पोद्दार ने जानकारी दी कि औद्योगिक क्षेत्रों के भ्रमण के तीसरे चरण में बोकारो, धनबाद और गिरिडीह इंडस्ट्रियल एरिया का दौरा जल्दध किया जाएगा।

बैठक में राज्य में प्रभावी भवन नियमितीकरण योजना का अधिकतम लाभ लेने के लिए आमजनों से अपील की गई। चेंबर अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड चेंबर की ओर से सभी प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों और जिला चेंबरों के सहयोग से राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा ताकि अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें। सदस्यों ने योजना की अवधि बढ़ाने का भी आग्रह किया। संताल परगना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि दान में प्राप्त भूमि पर निर्मित भवनों के नियमितीकरण को लेकर लोगों में चिंता व्याप्त है, विभाग को इसमें क्लैरिटी लानी चाहिए ताकि वैसे लोग भी इस योजना का लाभ उठा सकें।

सदस्यों ने हरमू, बरियातू और अरगोड़ा हाउसिंग कॉलोनी स्थित प्रतिष्ठानों को आवासीय सह व्यावसायिक उपयोग की अनुमति देने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही सेवा सदन पथ में वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में नगर निगम की ओर से की जा रही पहल की सराहना करते हुए नगर आयुक्त के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

उल्लेखनीय है कि चेंबर के आग्रह पर कनेक्टिंग नाला के चौड़ीकरण के लिए जरूरी राशि आवंटित की जा चुकी है और मुख्य अभियंता ने जल्दि शीघ्र टेंडर जारी करने का आश्वासन दिया गया है।

चेंबर जल्द करेगा झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ एमओयू

चेंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि झारखंड चेंबर जल्द ही झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन के साथ एक एमओयू करेगा। इससे उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि विभागीय निदेशक के साथ हुई बैठक में इंडस्ट्री-आधारित स्किलिंग कार्यक्रम शुरू करने पर भी सहमति बनी है। बैठक में पिछली आमसभा में प्राप्त प्रस्तावों पर चेंबर के संविधान में संशोधन के विषय पर भी विमर्श किया गया।

सदस्यों ने राज्य में बालू की कमी और कीमतों में अप्रत्याशित वृद्धि का मुद्दा भी उठाया। कार्यकारिणी सदस्य तुलसी पटेल ने बताया कि 12 दिसंबर 1996 से पूर्व स्थापित वैध आरा मिलों और काष्ठ आधारित उद्योगों को अधिसूचित वन क्षेत्र से 05 किलोमीटर की दूरी की अनिवार्यता से मुक्त करने के संबंध में अगले एक माह के भीतर सकारात्मक निर्णय आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर चेंबर पिछले पांच वर्षों से लगातार प्रयासरत है। निर्णय होने के बाद बंद पड़ी अनेक आरा मिलों के पुनः संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। उच्चतम न्यायालय की ओर से गठित राज्यस्तरीय समिति से इसकी अनुशंसा हो गई है। बैठक के दौरान कार्यकारिणी समिति ने चेंबर के पूर्व अध्यक्ष कुणाल अजमानी को पंजाबी हिंदू बिरादरी का अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई दी और उन्हें सम्मानित किया।

बैठक में चेंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story