टी-20 मैच में रांची के जेएससीए स्टेडियम में चौकों-छक्कों की बारिश, भारत ने बनाया 249 रन

WhatsApp Channel Join Now
टी-20 मैच में रांची के जेएससीए स्टेडियम में चौकों-छक्कों की बारिश, भारत ने बनाया 249 रन


टी-20 मैच में रांची के जेएससीए स्टेडियम में चौकों-छक्कों की बारिश, भारत ने बनाया 249 रन


रांची, 09 अक्टूबर (हि.स.)। रांची के धुर्वा स्थित जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जा रहे टी-20 मैच में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने शुक्रवार को मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बारिश से क्रिकेटप्रेमियों का दिल जीत लिया। संजू सैमसन की आतिशी पारी और मध्यक्रम के विस्फोटक बल्लेबाजों के दम पर भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 249 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया है।

संजू सैमसन ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने मात्र 41 गेंदों का सामना करते हुए 9 शानदार चौकों और 4 छक्कों की मदद से 82 रनों की लाजवाब पारी खेली। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा, जिसने विपक्षी गेंदबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा कर रख दीं।

पारी की शुरुआत करने उतरे ईशान किशन ने भी मैदान पर आते ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। उन्होंने मात्र 22 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 43 रनों की पारी खेली, जिससे टीम को एक मजबूत और तेज शुरुआत मिली।

मध्यक्रम की बागडोर संभालते हुए श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने रन गति को बिल्कुल भी धीमा नहीं पड़ने दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 40 रन बनाए। वहीं, तिलक वर्मा ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 18 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 44 रनों की बेहतरीन पारी खेली।

पारी के अंतिम क्षणों में अभिषेक शर्मा ने 12 गेंदों पर 20 रन (2 चौके, 1 छक्का) और शिवम दुबे ने 10 गेंदों पर 7 रन जोड़े। इसके अलावा नमन धीर ने महज एक गेंद पर चार रन बनाकर टीम के स्कोर को 249 के पहाड़ जैसे आंकड़े तक पहुंचाने में अपना अहम योगदान दिया।

वेस्टइंडीज की ओर से स्पिनर रोस्टन चेज ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 24 रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि शमर स्प्रिंगर ने दो सफलताएं हासिल कीं लेकिन वे चार ओवर में 64 रन लुटा दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story