फुटपाथी दुकानदारों के समर्थन में पूर्व विधायक ने सड़क पर बैठकर बेंचा दीया
रामगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। दिवाली और छठ पर फुटपाथ पर लगने वाली दुकानों के खिलाफ छावनी परिषद के अधिकारियों ने सख्ती दिखाई तो पूर्व विधायक शंकर चौधरी सड़क पर उतर आए। शनिवार को फुटपाथी दुकानदारों के समर्थन में पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने खुद मिट्टी के खिलौने की दुकान लगा दी। उन्होंने सरेआम प्रशासनिक अधिकारियों के तुगलकी फरमान को चुनौती दी
और कहा कि वे खुद फुटपाथ पर बैठ कर दीये और मिट्टी के खिलौने बेच रहे हैं। प्रशासन अपनी मनमानी करना बंद करे।
उनके इस कदम से सुभाष चौक और आसपास के इलाकों में फुटपाथ पर दुकान लगाने को लेकर शनिवार को भी दिनभर गहमागहमी बनी रही। पूर्व विधायक शंकर चौधरी फुटपाथ दुकानदारों के साथ सुभाष चौक पर बैठे रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि छावनी परिषद या जिला प्रशासन की ओर से दुकानों को हटाने की कार्रवाई की जाती है तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।
उल्लेखनीय हो कि छावनी परिषद की ओर से फुटपाथ पर दुकान लगाने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया गया है। इसी को लेकर दो दिन पूर्व दुकानें हटाने पहुंचे प्रशासन और छावनी परिषद के कर्मियों के साथ पूर्व विधायक शंकर चौधरी की तीखी बहस हुई थी। इस दौरान दुकानदारों ने भी छावनी परिषद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।
शनिवार को भी पूर्व विधायक दुकानदारों के साथ मौके पर डटे रहे। त्योहार के मौसम में दुकान हटाने की आशंका को लेकर फुटपाथ दुकानदारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी रही। वहीं, प्रशासन और छावनी परिषद की अगली कार्रवाई को लेकर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

