नशे के व्यापार में संलिप्त लोगों पर तत्काल हो कार्रवाई : डीसी
रामगढ़, 29 मई (हि.स.)। डीसी ऋतुराज ने नशे के व्यापार पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को उन्होंने एसपी मुकेश कुमार लुनायत की मौजूदगी में नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति(एनकॉर्ड) की बैठक की। इस दौरान स्थापना उप समाहर्ता सह प्रभारी सामान्य शाखा पदाधिकारी रीना कुजूर ने डीसी सहित बैठक में उपस्थित अन्य अधिकारियों को नारकोटिक्स को-ऑर्डिनेशन समिति की पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देश पर किए गए कार्यों के संबंध में जानकारी दी।
डीसी ने जिले में युवाओं को नशे की लत से बचाने और नशे के व्यापार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को लेकर निर्देश दिए। इस दौरान डीसी ने पूरे जिले में योजनाबद्ध तरीके से दवा दुकानों में सघन जांच अभियान चलाने और वैसी सभी दवाएं जिनका इस्तेमाल नशे के लिए किया जा सकता हो, पर विशेष निगरानी रखते हुए दावों की बिक्री स्टॉक से संबंधित रिपार्ट नियमित रूप से ससमय जिला स्तर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
डीसी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में नारकोटिक्स के विरुद्ध किए गए सराहनीय प्रयासों के उदाहरण के माध्यम से भी सभी अधिकारियों को जागरुक करते हुए इस दिशा में कार्य करने को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
रामगढ़ जिला अंतर्गत विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्रों में रात्रि के समय असामाजिक तत्वों, युवाओं के नशे का प्रयोग करने पर विशेष संज्ञान लेते हुए बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देते हुए कार्य करने का निर्देश दिया।
वहीं उन्होंने आवश्यकतानुसार वैसे सभी सार्वजनिक स्थलों अन्य स्थलों पर निगरानी, पर्याप्त लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। इसके साथ ही डीसी ने इसके लिए नियमित निगरानी, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता पर अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीसी ने रामगढ़ जिले को नशा मुक्त बनाने और युवाओं को नशे से बचाने को लेकर सभी विभागों को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उन्होंने इसके लिए गंभीरतापूर्वक कार्य करने, रोस्टर तैयार करने और रोस्टर के आधार पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में भी महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर परिधि में नशीली पदार्थों के विरुद्ध व्यापक जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

