संयुक्त छापेमारी में 26.790 टन अवैध कोयला जब्त

WhatsApp Channel Join Now
संयुक्त छापेमारी में 26.790 टन अवैध कोयला जब्त


संयुक्त छापेमारी में 26.790 टन अवैध कोयला जब्त


देवघर, 19 सितंबर (हि.स.)। जिले के चितरा थाना क्षेत्र के मालोडीह गांव में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चितरा पुलिस, सीआईएसएफ और ईसीएल सिक्योरिटी की संयुक्त टीम ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 26 टन 790 किलो अवैध कोयला जब्त किया।

खेतों के समीप सुनसान स्थान पर डंप किए गए कोयले को जेसीबी की सहायता से आठ ट्रैक्टरों में लोड कराया गया और एसपी माइंस चितरा कोलियरी के गिरजा कोल डंप पहुंचाया गया। वहां वजन कराने के बाद जब्त कोयले को जमा करा दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा टीम को सूचना मिली थी कि मालोडीह गांव के एक सुनसान स्थान पर बड़ी मात्रा में कोयला अवैध रूप से डंप कर रखा गया है। आशंका जताई जा रही थी कि रात के अंधेरे में उक्त कोयले को वाहनों के माध्यम से बाहर भेजने की तैयारी थी। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चिह्नित स्थल पर छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान मौके से 26.790 टन कोयला बरामद किया गया। इसके बाद जेसीबी की मदद से कोयले को आठ ट्रैक्टरों में लोड कर गिरजा कोल डंप पहुंचाया गया, जहां उसका वजन कराया गया।

कार्रवाई के बाद अवैध कोयले के भंडारण और संभावित तस्करी से जुड़े मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। टीम कोयला डंप करने वालों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

संयुक्त टीम की इस कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story