अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड, एक गिरफ्तार
दुमका, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले के हंसडीहा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए एक को गिरफ्तार कर जेल भेज दी है। गिरफ्तार आरोपित का नाम अक्षय कुमार है। पुलिस छापेमारी और जब्ती की कार्रवाई रामगढ़ मोड़ स्थित रेलवे ओवरब्रिज के समीप संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री से की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने हथियार निर्माण में प्रयुक्त 55 प्रकार मशीनें और अन्य उपकरण बरामद कर फैक्ट्री को सील कर दिया। इसकी जानकारी गुरुवार को प्रेसवार्ता कर थाना प्रभारी अजीत कुमार ने दिया। उन्होंने बताया कि करीब दो माह से अवैध मिनी गन फैक्ट्री चल रहा था। मामले में छापेमारी कर विभिन्न समाग्री जब्त्त करते हुए पांच नामजद को आरोपित बनाया गया हैं। जिसमे से एक नामजद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया हैं।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व कोलकाता एसटीएफ ने दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि हंसडीहा में अवैध रूप से पिस्टल और देशी तमंचों का निर्माण किया जा रहा है। इसके बाद कोलकाता एसटीएफ ने झारखंड पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दुमका पुलिस सक्रिय हुई और संदिग्ध मकान की चारों ओर से घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस जब मकान के अंदर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
मकान के भीतर हथियार निर्माण का पूरा सेटअप तैयार था। मौके से लेथ मशीन समेत कई ऐसे उपकरण बरामद किए गए जिनका उपयोग अवैध हथियार बनाने में किया जाता था। मौके पर एसपी पीतांबर सिंह खेरवार देर शाम हंसडीहा पहुंच बरामद मिनी गन फैक्ट्री का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान हंसडीहा सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, थाना प्रभारी अजीत यादव, सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार, जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार तथा कोलकाता एसटीएफ की टीम मौजूद रही।
मामले में एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि पुलिस को हंसडीहा में अवैध हथियार निर्माण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां हथियार बनाने के लिए लगाई गई लेथ मशीन सहित कई उपकरण बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि कोलकाता एसटीएफ की ओर से पकड़े गए कुछ लोगों से पूछताछ के बाद हंसडीहा में अवैध हथियार फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार

