आईआईएम रांची में हिंदी पखवाड़ा का समापन, पहली हिंदी गृह पत्रिका का विमोचन

WhatsApp Channel Join Now
आईआईएम रांची में हिंदी पखवाड़ा का समापन, पहली हिंदी गृह पत्रिका का विमोचन


रांची, 30 सितंबर (हि.स.)। आईआईएम रांची में राजभाषा प्रकोष्ठ की ओर से बुधवार को हिंदी पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डेलॉइट के कार्यकारी निदेशक ऋत्विक उदयन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान संस्थान की पहली हिंदी गृह पत्रिका ‘आईआईएम रांची वाणी’ का विमोचन किया गया।

पत्रिका में संस्थान के विद्यार्थियों, प्राध्यापकों और शिक्षकेतर कर्मियों की 65 से अधिक रचनाओं को शामिल किया गया है। पत्रिका के विमोचन के अवसर पर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रसिद्ध कृति रश्मिरथी के पात्र उदयन का भी उल्लेख किया गया।

समारोह में ड्रेम्बाज क्लब के विद्यार्थियों ने ‘अंतराल’ और ‘दो तरफा’ नाटकों का मंचन किया। ‘अंतराल’ में भौतिक आकांक्षाओं और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच बढ़ती दूरी को दर्शाया गया। वहीं, ‘दो तरफा’ में व्यक्ति के बाहरी और वास्तविक व्यक्तित्व के बीच के द्वंद्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के तहत आयोजित लीडरशिप टॉक में ऋत्विक उदयन ने रश्मिरथी का सस्वर पाठ किया। उन्होंने साहित्य और नेतृत्व के संबंधों पर चर्चा करते हुए कहा कि साहित्य व्यक्ति की सोच और दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने नेतृत्व निर्माण में साहित्य के प्रभाव को भी रेखांकित किया।

समापन समारोह में हिंदी के प्रति संस्थान के विद्यार्थियों और कर्मचारियों की रचनात्मक भागीदारी को प्रमुखता से सामने रखा गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और शिक्षकेतर कर्मियों सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story