ट्रिपल आईटी के छात्र की मौत, हॉस्टल में हंगामा

WhatsApp Channel Join Now
ट्रिपल आईटी के छात्र की मौत, हॉस्टल में हंगामा


ट्रिपल आईटी के छात्र की मौत, हॉस्टल में हंगामा


रांची, 11 अक्टूबर (हि.स.)। खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित ट्रिपल आईटी के हॉस्टल में एक छात्र की मौत से अफरा तफरी मच गई। मृत छात्र की पहचान आदित्य के रूप में हुई है। वह बिहार के पूर्णिया का रहने वाला था।

रविवार रात लगभग 11:30 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि आदित्य कमरे में मृत पड़ा है।

आनन-फानन में दोस्त उसे एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही हॉस्टल में छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई। छात्र की मौत से आक्रोशित विद्यार्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया।

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को शांत कराने में जुट गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

फिलहाल, आदित्य की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। छात्र ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों से भी पूछताछ कर सकती है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद हॉस्टल में तनाव का माहौल बना हुआ है।

रांची ट्रिपल आईटी में सुविधाओं की कमी को लेकर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन चल रहा है। छात्रों का आरोप है कि छात्र ने आत्महत्या की कोशिश की। यदि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होती और उसमें ऑक्सीजन की सुविधा होती, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी। रांची के सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story