आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने की चतरा और रामगढ़ पुलिस की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने की चतरा और रामगढ़ पुलिस की समीक्षा


-एनडीपीएस मामलों के त्वरित निष्पादन और अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के दिए निर्देश

चतरा, 29 जुलाई (हि.स.)। बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने बुधवार को चतरा जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था, संगठित अपराध, नक्सल गतिविधियों और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

चतरा पहुंचने पर समाहरणालय परिसर में आईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने उनका स्वागत किया।

समीक्षा बैठक में रामगढ़ और चतरा जिलों के पुलिस पदाधिकारियों, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों (एसडीपीओ), पुलिस निरीक्षकों तथा थाना प्रभारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान दोनों जिलों में कानून-व्यवस्था की स्थिति, संगठित अपराध, नक्सल गतिविधियों, लंबित कांडों की जांच और एनडीपीएस मामलों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में आईजी शैलेंद्र कुमार सिन्हा ने कहा कि संगठित अपराध और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुसंधान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों में गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित अनुसंधान सुनिश्चित किया जाए।

आईजी ने चतरा पुलिस द्वारा अवैध अफीम की खेती और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ हाल के दिनों में की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरे आपराधिक नेटवर्क को ध्वस्त करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

आईजी ने अवैध कारोबार से अर्जित चल एवं अचल संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराधियों की आर्थिक शक्ति को कमजोर करना अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित वारंटों और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने, संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा खुफिया तंत्र को और अधिक मजबूत करने पर भी जोर दिया।

आईजी ने कहा कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक चुनौती भी है। इसके प्रभावी समाधान के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से नशा उन्मूलन अभियान में पुलिस का सहयोग करने तथा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।

समीक्षा बैठक में मुख्यालय डीएसपी सुनील कुमार सिंह, सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब, चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन, टंडवा एसडीपीओ प्रभात कुमार रंजन सहित रामगढ़ और चतरा जिले के सभी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Share this story