आईएफएस अधिकारियों ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट

WhatsApp Channel Join Now
आईएफएस अधिकारियों ने राज्यपाल से की शिष्टाचार भेंट


रांची, 07 जुलाई (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मंगलवार को रांची स्थित लोक भवन में भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी मोहम्मद शाहिद आलम और सुशील प्रसाद ने शिष्टाचार भेंट की। दोनों अधिकारी भारतीय विदेश सेवा के मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत झारखंड प्रवास पर हैं।

भेंट के दौरान दोनों अधिकारियों ने राज्यपाल से विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर राज्यपाल ने झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय परंपराओं, प्राकृतिक संसाधनों तथा राज्य के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने राज्य की विशिष्ट पहचान, विकास की संभावनाओं तथा जनजातीय संस्कृति की विशेषताओं से भी दोनों अधिकारियों को अवगत कराया।

राज्यपाल ने दोनों अधिकारियों को उनके भावी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे भारतीय विदेश सेवा के माध्यम से देश के हितों का प्रभावी ढंग से प्रतिनिधित्व करेंगे तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा और साख को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story