कांग्रेस में नैतिकता है तो झारखंड हुई सभी परीक्षाओं की कराए सीबीआई से जांच : आदित्य
रांची, 23 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर राष्ट्र को कमजोर और बदनाम करने में कभी भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ती। कांग्रेस को राष्ट्र की कतई चिंता नहीं है। दिल्ली में अप्रत्यक्ष रूप से युवाओं को इकट्ठा करके लोकतंत्र के मंदिर में घुसकर जिस प्रकार आंदोलन के नाम पर गुंडागर्दी की, वह निंदनीय है। सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी चाहते हैं कि देश टुकड़े टुकड़े में बंट जाए। इनकी कभी मंशा नहीं रहती कि देश अखंड रहे।
साहू गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बोल रहे थे।
साहू ने कहा कि लोकतंत्र लोक लाज से चलता है। कांग्रेस लोक लाज को धोकर पी गई है। कांग्रेस के दो चेहरे हैं। यह दिल्ली में कुछ करती है और झारखंड में कुछ। झारखंड में बीते छह वर्ष में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल की परीक्षा हो, उत्पाद सिपाही भर्ती या शिक्षक नियुक्ति की परीक्षा हो, जब भी परीक्षा हुआ उसका प्रश्न पत्र पहले लीक हुआ है। पिछले
06 वर्ष में कांग्रेस की मदद से लाखों युवाओं का रोजगार छीनने का काम किया गया है। परीक्षा में हुई अनिमितता की जांच होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस इस पर मौन है। जेपीएससी में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा ने आंदोलन किया। दबाव के कारण जेपीएससी अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा। भाजपा की मांग है कि जेपीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज हो। कांग्रेस इस पर अपना मुंह कभी नहीं खोलती।
उन्होंने कहा कि वहीं कांग्रेस दिल्ली में राजनीतिक ड्रामा कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां नीट-नीट चिल्लाती हैं। गड़बड़ी सामने आते ही परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा ली गयी। साहू ने कहा कि आज छात्र सफल होकर पढ़ाई कर रहे हैं। पीएम ने फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित कर देश को भरोसा दिया है कि पेपर लीक मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी झारखंड में ऐसे लोगों के खिलाफ सीआईडी जांच की ढोंग कर रही है, यह सिर्फ आईवॉश है। इससे पहले भी शराब घोटाले की जांच में खानापूर्ति की गई थी, आज सारे दोषी जेल के बाहर हैं। यही तो कांग्रेस का चरित्र है।
उन्होंने मांग की कि झारखंड में जितनी भी परीक्षाएं हुई हैं सभी की जांच सीबीआई से कराई जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में थोड़ी सी भी नैतिकता है तो वह सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी, क्योंकि ये लोग मलाई खाने वाली पार्टी हैं। कांग्रेस, झामुमो के साथ दीमक की तरह चिपककर राज्य को खोखला करने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि आज भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस ने जो कृत्य किया, वह निंदनीय है। भाजपा ने भी कांग्रेस कार्यालय का मर्यादित होकर घेराव किया, लेकिन आज कांग्रेस ने हिंदपीढ़ी के पत्थरबाजों और गुंडों से पत्थर, अंडे, टमाटर फेंकवाया, जो शर्मनाक है। जब कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पत्थर चलाया तब भाजपा के कार्यकर्ता अपने कार्यालय को बचाने में डटे रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने मौके पर तैनात कुछ पुलिस पदाधिकारी पर आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस के रूप में नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपनी ड्यूटी निभाई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पदाधिकारी एकतरफा कार्रवाई करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रहे थे। भाजपा इसकी निंदा करती है। सरकार उक्त पदाधिकारी पर कार्रवाई करते हुए तत्काल बर्खास्त करे।
उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले में जांच कर आरोपितों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेजे।
प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, शोभा यादव, संजय चौधरी और संजीत सिंह भी उपस्थित थेे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

