वर्ल्ड अर्थ डे पर देवघर में आईडीए का पौधारोपण अभियान

WhatsApp Channel Join Now
वर्ल्ड अर्थ डे पर देवघर में आईडीए का पौधारोपण अभियान


देवघर, 22 अप्रैल (हि.स.)। वर्ल्ड अर्थ डे के अवसर पर देवघर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर इंडियन डेंटल एसोसिएशन ( आईडीए) के सदस्यों ने व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। इस अभियान का नेतृत्व डॉ. राजीव कुमार और डॉ. राजीव रंजन ने किया, जबकि जसीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की चिकित्सक डॉ. पूजा राय भी इसमें सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

“हरियाली का संदेश” अभियान के तहत चिकित्सकों ने पौधा भेंट कर लोगों को जागरूक किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। तपोवन सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर पौधारोपण कर समाज में हरित वातावरण बनाने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजीव रंजन और डॉ. पूजा राय ने स्वयं पौधे लगाकर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे निरंतर अभियान के रूप में अपनाना होगा।

इस अवसर पर डॉ. राज वर्मा, डॉ. सत्यम सत्यार्थी, डॉ. प्रजल, डॉ. सुषमा वर्मा और डॉ. परमजीत कौर सहित कई चिकित्सकों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इसी क्रम में चिकित्सकों की टीम ने सिविल सर्जन रमेश कुमार और सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा को पौधा भेंट कर हरियाली का संदेश दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। डॉ. राजीव कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है और देवघर को हरा-भरा बनाने के लिए हर नागरिक को आगे आना होगा।

वहीं डॉ. राजीव रंजन ने पृथ्वी को हमारी सबसे बड़ी धरोहर बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए निरंतर पौधारोपण और जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story