घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
घरेलू विवाद में पत्नी की हत्या, पति गिरफ्तार


रांची, 18 जून (हि.स.)। राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। सिंदवार टोली में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित पवन मुंडा ने बुधवार देर रात अपनी पत्नी बेला मुंडा के साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के कारण बेला मुंडा की मौत हो गई। घटना का खुलासा गुरुवार सुबह तब हुआ, जब घर के बच्चे वापस लौटे और उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में घर के भीतर पड़ा पाया। उस समय पवन मुंडा घर पर मौजूद नहीं था।

बताया जा रहा है कि बुधवार की रात क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने और भीषण गर्मी के कारण बच्चे रात में एक रिश्तेदार के घर सोने चले गए थे। गुरुवार की सुबह घर लौटने पर उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। इसके बाद बेला मुंडा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अत्यधिक मारपीट के कारण उनकी मृत्यु हुई।

घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पवन मुंडा मोरहाबादी स्थित एदलहातू तालाब के पास छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story