पति ने पत्नी की हत्या कर शव खेत की झाड़ियों में दफनाया

WhatsApp Channel Join Now
पति ने पत्नी की हत्या कर शव खेत की झाड़ियों में दफनाया


देवघर, 09 सितंबर (हि.स.)।

चितरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शिमला पंचायत के करमचंद गांव में एक महिला की हत्या कर शव को घर के समीप खेत की झाड़ियों में दफनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका की पहचान सोनमुनि मुर्मू (30) के रूप में हुई है।

आरोप है कि उसके पति हीरालाल मरांडी (43) ने 7-8 सितंबर की रात उसकी हत्या कर शव को घर के समीप खेत में स्थित झाड़ियों के बीच दफना दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद चितरा पुलिस मौके पर पहुंची और दंडाधिकारी की मौजूदगी में जमीन की खुदाई कर दफनाए गए शव को बाहर निकलवाया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया है। वहीं, मामले में आरोपित पति हीरालाल मरांडी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस हत्या के कारणों और घटना के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की हत्या किन परिस्थितियों में और किस तरीके से की गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।

घटनास्थल पर कार्रवाई के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी विभाष कुमार, पालोजोरी के पुलिस निरीक्षक सुकांत त्रिपाठी, चितरा थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार, एसआई शेतलाल बारला, एएसआई निर्भय कुमार सिंह सहित पुलिस बल मौजूद रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story