आमरण अनशन पर बैठी छात्रा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

WhatsApp Channel Join Now
आमरण अनशन पर बैठी छात्रा की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती


रांची, 11 अगस्त (हि.स.)। जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जयपाल सिंह स्टेडियम में पिछले आठ दिनों से आमरण अनशन पर बैठी छात्रा उम्मा हबीब की मंगलवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ गई।

इसके बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, रांची के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।

इसके पूर्व अनशन के दौरान तबीयत खराब होने पर राहुल कुमार और छात्र नेता देवेंद्रनाथ महतो को सदर अस्पताल लाकर इलाज कराया जा रहा है। उम्मा हबीब के अस्पताल में भर्ती होने के साथ ही सदर अस्पताल में इलाजरत अनशनकारी छात्रों की संख्या तीन हो गई है।

छात्रों का कहना है कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं उम्मा हबीब के अस्पताल में भर्ती होने के बाद आंदोलन स्थल पर मौजूद छात्र-अभ्यर्थियों में चिंता देखी गई।

छात्र विनय मेहता ने बताया कि उम्मा हबीब जेपीएससी-जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन में आमरण अनशन पर थीं। लगातार आठ दिनों तक भूखे रहकर अनशन करने से वह काफी कमजोर हो गई हैं। इसी वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद आंदोलनकारी साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया है। उल्लेखनीय है कि जेपीएससी-जेएसएससी प्रकरण को लेकर छात्र और अभ्यर्थी पिछले 18 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story