रांची में किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
रांची में किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू


रांची, 30 मार्च (हि.स.)। रांची जिले में किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सोमवार से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान सिविल सर्जन कार्यालय के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल में चलाया जा रहा है।

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह विशेष अभियान आगामी तीन महीनों तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जो आगे चलकर गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर का प्रमुख कारण बन सकता है। यह वैक्सीन संक्रमण से सुरक्षा प्रदान कर कैंसर होने की संभावना को काफी हद तक कम कर देती है। विशेष रूप से 14–15 वर्ष की आयु में यह टीका सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है।

डॉ. प्रभात कुमार ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में ले जाकर इस निःशुल्क और सुरक्षित टीके का लाभ दिलाएं। उन्होंने यह भी सलाह दी कि टीकाकरण के बाद भी नियमित स्वास्थ्य जांच कराना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यह अभियान महिला स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील करते हुए “सुरक्षित बेटी–स्वस्थ भविष्य” का संदेश दिया।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story