भारी बारिश में गिरा घर, प्रशासन ने तुरंत पहुंचाई राहत

WhatsApp Channel Join Now
भारी बारिश में गिरा घर, प्रशासन ने तुरंत पहुंचाई राहत


रांची, 26 सितंबर (हि.स.)। राजधानी में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिला प्रशासन ने राहत और बचाव को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। बारिश के कारण कोकर क्षेत्र निवासी राहुल पासवान का घर गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने प्रभावित परिवार तक तत्काल राहत पहुंचाई। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी ने परिवार को चावल, गेहूं, दाल, तेल और नमक समेत जरूरी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई। प्रशासन का कहना है कि आपदा की स्थिति में परिवार को तत्काल भोजन की परेशानी न हो, इसे देखते हुए राशन पहुंचाया गया।

वहीं, उपायुक्त ने संबंधित अंचल अधिकारी को आपदा राहत के प्रावधानों के तहत जल्द से जल्द नुकसान का आकलन करने का निर्देश दिया है। आकलन और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा राशि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story