देवघर में जुलाई मध्य से शुरू होगी होमगार्ड भर्ती की आवेदन प्रक्रिया

WhatsApp Channel Join Now

देवघर, 05 जुलाई (हि.स.)। जिले में होमगार्ड भर्ती की तैयारी तेज हो गई है। उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में गृह रक्षा वाहिनी की नियुक्ति प्रक्रिया को मंजूरी दे दी गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि जुलाई माह के मध्य से आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी, जबकि राजकीय श्रावणी मेला-2026 के समापन के बाद भर्ती की आगे की प्रक्रिया शुरू होगी।

बैठक में उपायुक्त ने भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी चरणों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने, प्राप्त आवेदनों की स्क्रूटनी और भौतिक सत्यापन की तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। इसके साथ ही उपायुक्त ने शारीरिक दक्षता परीक्षा और लिखित परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

जिला प्रशासन के इस निर्णय से होमगार्ड भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं में उत्साह का माहौल है। अब अभ्यर्थियों को जुलाई के मध्य से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है, जबकि नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया श्रावणी मेले के बाद प्रारंभ की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story