राज्यपाल को हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों ने लीग के उद्घाटन मैच में आने का दिया आमंत्रण
रांची, 27 दिसंबर (हि.स.)। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शनिवार को हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह एवं हॉकी इंडिया के महानिदेशक आर.के. श्रीवास्तव ने रांची स्थित लोक भवन में शिष्टाचार भेंट की और राज्यपाल को रांची में 11 जनवरी से आयोजित होने वाली पुरुष हॉकी इंडिया लीग के उद्घाटन मैच में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए आमंत्रित किया।
हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों ने राज्यपाल को अवगत कराया कि पुरुष हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत 3 जनवरी, 2026 से होगी। लीग के मुकाबले देश के तीन प्रमुख शहरों चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में आयोजित किए जाएंगे। रांची में होने वाले मैचों से झारखंड में हॉकी के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल संस्कृति को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस मौके पर हॉकी इंडिया के पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए लीग के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजनों से युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरणा मिलती है और राज्य में खेलों के समग्र विकास को नई दिशा मिलती है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

