अधेड़ व्यक्ति को हाईवा ने रौंदा, आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव
रामगढ़, 17 जून (हि.स.)। शहर में बुधवार की शाम एक सड़क दुर्घटना में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों और आक्रोशित भीड़ ने जमकर बवाल काटा। भीड़ इतनी बेकाबू थी कि न तो पुलिस के निर्देश को कोई सुन रहा था और न ही किसी अधिकारियों की उपस्थिति का असर उन पर हो रहा था। भीड़ में शामिल लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां भीड़ को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस पदाधिकारी और जवानों पर पत्थर और कुर्सियां चलाई गईं। इस पथराव में कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए और कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई।
सड़क दुर्घटना में अमृत व्यक्ति की पहचान नईसराय निवासी मो रियाज (46) के रूप में हुई है। बुधवार की शाम वह अपने घर से सामान लेने के लिए नई सराय चौक पर आया था। जैसे ही वह सामान लेकर अपने घर की तरफ चला सड़क पार करने के दौरान ही हाईवा जेएच 02 बीजे 2251 ने उसे कुचल दिया। इस हादसे में मोहम्मद रियाज की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के परिजनों के साथ नई सराय बस्ती के लोगों ने हाईवा गाड़ी को पुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पहले उस गाड़ी के शीशे तोड़े और फिर पथराव कर गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया। उपद्रव को रोकने के लिए वहां मौजूद ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी ने जब हस्तक्षेप किया तो बेकाबू भीड़ ने उन पर भी हमला कर दिया। पहले उन पर कुर्सियां और मेजें चलाई गई। फिर पथराव शुरू कर दिया गया। बाद में पुलिस पदाधिकारी और जवानों ने एक दुकान में घुसकर खुद को शटर के अंदर बंद कर लिया, तब जाकर उनकी जान बची।
घटनास्थल पर पहुंचे रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने मोर्चा संभाला। उन्होंने भीड़ को तीतर भीतर किया। इसके बाद बंद दुकान से अपने पुलिस पदाधिकारी और जवानों को निकाला। इसके बाद घायल पुलिस जवानों का पदाधिकारियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ने गाड़ी और शव को कब्जे में ले लिया है। साथ ही उपद्रव मचाने वालों पर कार्रवाई करने की बात कही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

