बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल का डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने किया उद्घाटन
देवघर, 23 सितंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने बुधवार को देवघर में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल का शुभारंभ किया। 750 बिस्तरों वाला यह अत्याधुनिक अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगा।
इस अवसर पर बाबा बैद्यनाथ को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट और पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के संयुक्त प्रयास से देवघर में बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यहां मेडिकल कॉलेज का भी निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अस्पताल गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
झारखंड के देवघर और गोड्डा में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए डॉ सरमा ने कहा कि क्षेत्र में हवाई अड्डा, एम्स, रेलवे मार्ग और रिंग रोड जैसी सुविधाएं विकसित हुई हैं।
सांसद ने गोड्डा में विकास के लिए किया उदाहरण प्रस्तुत
उन्होंने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे के नेतृत्व में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में हुए विकास ने पूरे देश के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाते हुए आज क्षेत्र में एक और बड़ा अस्पताल शुरू किया गया है।
वर्ष 2006 से लगभग 15 वर्षों तक असम के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए डॉ सरमा ने कहा कि किसी अस्पताल की सफलता में उसके वास्तु और निर्माण योजना की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने उद्घाटित अस्पताल के आईसीयू, कॉरिडोर, आपातकालीन इकाई, सामान्य वार्ड सहित विभिन्न सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल को आम लोगों के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए सांसद डॉ निशिकांत दुबे और ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ अनामिका गौतम ने स्वयं काफी विचार और परिश्रम किया है।
ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ अनामिका गौतम का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट ने अस्पताल का निर्माण लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनसेवा के लिए किया गया है। इसी भावना के तहत चिकित्सा क्षेत्र के किसी व्यावसायिक समूह के बजाय उस हिंदुजा समूह के साथ सहयोग किया गया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सांसद निशिकांत दुबे की सोच, डॉ अनामिका गौतम के परिश्रम और हिंदुजा समूह की चिकित्सा विशेषज्ञता से यह अस्पताल जनसेवा का एक बड़ा केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि देवघर स्थित एम्स और बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट अस्पताल एक दूसरे के पूरक बनेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों संस्थान एक दूसरे को मजबूती प्रदान करेंगे और झारखंड तथा बिहार के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले देवघर, गोड्डा सहित झारखंड के लोगों को बेहतर इलाज के लिए कोलकाता जाना पड़ता था। लेकिन अब धीरे धीरे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का मजबूत आधार तैयार हो रहा है। लोग अब इलाज के लिए देवघर आने लगेंगे और आध्यात्मिक पर्यटन का केंद्र देवघर धीरे धीरे चिकित्सा पर्यटन का भी केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद डॉ निशिकांत दुबे, बाबा बैद्यनाथ मेडिकल ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ अनामिका गौतम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पीडी हिंदुजा हॉस्पिटल एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर गौतम खन्ना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

