मां रूपी सोरेन को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now
मां रूपी सोरेन को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री


मां रूपी सोरेन को याद कर भावुक हुए मुख्यमंत्री


रामगढ़, 10 अक्टूबर (हि.स.)। अपनी मां रूपी सोरेन के निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा मां.. यह दुनिया का सबसे खूबसूरत और पूरा शब्द है। उन्होंने मां की ममता, दुलार और उनकी हर सीख को हमेशा साथ रहने वाली धरोहर बताते हुए नम आंखों और भारी मन से श्रद्धांजलि अर्पित की।

उनकी इस छोटी-सी अभिव्यक्ति में मां के प्रति प्रेम और उनके बिछड़ने की पीड़ा का एहसास झलकता है। कभी-कभी दिल का दर्द बयां करने के लिए लंबे शब्दों की जरूरत नहीं होती। एक अधूरा-सा वाक्य भी बहुत कुछ कह जाता है।

राज्य की जिम्मेदारियां निभाने वाला व्यक्ति भी मां के सामने हमेशा एक बेटा ही रहता है। वही बेटा, जिसने कभी उसकी गोद में सुकून पाया, उसकी उंगली पकड़कर चलना सीखा और उसकी दुआओं में अपना भविष्य देखा। मां के जाने के बाद उसकी आवाज यादों में रह जाती है, उसका स्पर्श एहसास बन जाता है और उसकी सीख जीवन का सहारा बना रहता है।

मां चली जाती है, मगर उसे पुकारने की आदत नहीं जाती। दिल आज भी चाहता है कि वह एक बार आवाज दे, सिर पर हाथ फेरे और कहे, बेटा, मैं हूं न। शायद इसी अधूरेपन का नाम मां की याद है। मुख्यमंत्री के ये शब्द हर उस इंसान के दिल को छूते हैं, जिसने अपनी मां को खोया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story