असहाय मंदबुद्धि लाया गया सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम
रांची, 18 अप्रैल (हि.स.)। प्रणामी ट्रस्ट रांची के अंतर्गत काम कर रही सामाजिक संस्था श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवा धाम पुंदाग में शुक्रवार को एक मंदबुद्धि असहाय व्यक्ति को आश्रम में लाया गया। इसके साथ ही आश्रम में निराश्रितों की संख्या 47 हो गई है। यह जानकारी देते हुए सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिली कि एक व्यक्ति सेवा सदन मार्ग बड़ा तालाब के नजदीक लावारिस अवस्था में घूम रहा है। आश्रम की टीम ने उस व्यक्ति को बड़ा तालाब के पास से रेस्क्यू करके आश्रम लाई। टीम में आश्रम के सेवा साथी मुकुंद यादव, सूरज कुमार, धीरज कुमार गुप्ता और सत्यम कुमार शामिल थे। उसके बाद अस्पताल में उसकी मेडिकल जांच कराई गई। बाद में सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम (सत्य प्रेम सभागार) में लाया गया। उस व्यक्ति का नाम और पते की कोई जानकारी नहीं मिली है। याददाश्त भी खो चुका था। आश्रम कमेटी ने उस व्यक्ति का नाम गोविंद रखा है।
प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि आश्रम की टीम को सूचना मिलने पर समय-समय पर जरूरतमंदों को रेस्क्यू किया जाता है। आश्रम में रह रहे इन सभी निराश्रितो को गुरुजी सदानंद जी महाराज के सहयोग से घर जैसा माहौल देने की कोशिश की जाती है, क्योंकि मानव सेवा से बढ़कर कोई सेवा कार्य नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

