एचईसी मुख्यालय में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी मुख्यालय में कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर दी आंदोलन की चेतावनी


रांची, 09 अक्टूबर (हि.स.)। एचईसी मुख्यालय पर कर्मचारियों और ठेका मजदूरों ने बकाया वेतन भुगतान, श्रम कानूनों को लागू करने और अन्य समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान प्रबंधन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई। इस दौरान सभा की अध्यक्षता राजकुमार शाही ने की। मौके पर लालदेव सिंह ने कहा कि कर्मचारियों का 34 महीने का वेतन बकाया है। लगातार बढ़ती महंगाई और कम वेतन के कारण स्थायी कर्मचारियों और ठेका मजदूरों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

दशहरा, दीपावली और छठ जैसे त्योहारों के मद्देनजर आर्थिक परेशानियां और बढ़ गई हैं। मांगे नहीं मानी गई तो दशहरा के बाद एचईसी मजदूर कर्मी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसके लिए कारखाने के अंदर स्थायी कर्मचारियों और ठेका मजदूरों की तथा बाहर सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कमेटियां गठित की जाएंगी।

प्रदर्शनकारियों ने श्रम कानूनों के प्रावधान लागू करने और सभी बकाया राशि का भुगतान करने की मांग की। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को सीपीएफ लोन, कैंटीन में भोजन, ओपीडी चिकित्सा सुविधा और लीव इनकैशमेंट जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। आवासीय क्वार्टरों में सीवरेज जाम की समस्या से भी लोग परेशान हैं। कर्मचारियों को अपने खर्च पर सफाई करानी पड़ रही है।

वहीं, सेवानिवृत्त कर्मचारियों का बकाया भुगतान भी रोके जाने का आरोप लगाया गया। प्रदर्शन करने के दौरान लालदेव सिंह, एमपी रामचंद्र, अर्जुन रविदास, प्रवीण कुमार सहित एचईसी मजदूर कर्मी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story