एचईसी की समस्याओं को लेकर वरिष्ठ नागरिकों ने दिया धरना
रांची, 23 अक्टूबर (हि.स.)।
एचईसी सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में शुक्रवार को धुर्वा सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक भवन और नगर निगम अंचल कार्यालय के सामने धरना दिया गया।
इस अवसर पर एचईसी परिसर में सरकारी अस्पताल और वृद्धाश्रम खोलने, सिठीओ श्मशान घाट पर शवदाह शुल्क निर्धारित कर सूचना पट्ट लगाने, आवारा कुत्तों के बंध्याकरण और आश्रय गृह की व्यवस्था, रांची से धुर्वा गोलचक्कर तक नगर निगम की बस सेवा बहाल करने, सड़क कटाव की मरम्मत एवं सीवरेज लाइन की नियमित सफाई की मांग की गई।
समिति के संयोजक लालदेव सिंह ने कहा कि मांगों को लेकर 31 अगस्त 2026 को नगर आयुक्त, मेयर और उपमेयर को ज्ञापन सौंपा गया था। 29 सितंबर 2026 को स्मारपत्र भी दिया गया, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के विरोध में महाधरना आयोजित किया गया।
धरनास्थल पर सर्वसम्मति से एचईसी मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया। इसकी तिथि बाद में घोषित होगी। प्रदर्शन में क्वार्टरों के लीज नवीकरण, लिव-लाइसेंस वाले एवं खाली आवासों को लीज पर देने, एचईसी के लिए आर्थिक पैकेज, कर्मचारियों व सेवानिवृत्त कर्मियों के बकाया भुगतान और नियमित वेतन भुगतान की मांग की जाएगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंगल शर्मा ने की।
धरने को मंगल शर्मा, लालदेव सिंह और जगमोहन मेहता ने संबोधित किया।
मौके पर पारस नाथ प्रसाद, हरि नारायण पंडित, दशरथ महतो सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

