सरहूल से पूर्व एचईसी कर्मियों का बकाया दे प्रबंधन : शनि

WhatsApp Channel Join Now
सरहूल से पूर्व एचईसी कर्मियों का बकाया दे प्रबंधन : शनि


रांची, 18 मार्च (हि.स.)। हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के श्रमिकों से जुड़े मुद्दों को लेकर एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने प्रबंधन से सरहुल और ईद पर्व के अवसर पर लंबित वेतन भुगतान की मांग की है।

शनि सिंह ने बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पिछले 28 महीनों से कर्मचारियों का वेतन लंबित है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति काफी खराब हो गई है। इसलिए पर्व से पहले प्रबंधन को बकाये वेतन का भुगतान करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वेतन नहीं मिलने की स्थिति में कर्मचारी हर्षोल्लास के साथ पर्व नहीं मना सकेंगे, इसलिए प्रबंधन को जल्द भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी जी-तोड़ मेहनत कर एचईसी का उत्पादन लगातार बढ़ा रहे हैं। संस्थान की स्थिति में पहले की तुलना में सुधार भी हुआ है। साथ ही भविष्य में और सुधार की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों के हितों की अनदेखी की जा रही है।

शनि सिंह ने आरोप लगाया कि प्लांट के अंदर कैंटीन बंद है, कर्मचारियों का प्रमोशन रुका हुआ है और पे-स्लिप से एलआईसी की राशि काटे जाने के बावजूद उसे जमा नहीं किया गया है। इसके अलावा, सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी उनका बकाया भुगतान समय पर नहीं मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story