एचईसी के रिटायर्ड कर्मियों का बकाया भुगतान करें प्रबंधन : शनि
रांची, 07 मई (हि.स.)। एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने कहा कि लंबे समय से हेवी इंजीनियर्स कॉरपोरेशन (एचईसी) से सेवानिवृत्त कर्मियों को अपनी लंबित बकाया राशि पाने के लिए सोचना पड रहा है। कर्मियों को साल 2018 से ही ग्रेच्युटी, सीपीएफ और लीव इनकैशमेंट सहित कई मदों का भुगतान नहीं होना गलत है। एचईसी प्रबंधक इसपर ठोस ध्यान दें। शनि गुरूवार को धुर्वा के एचईसी श्रमिक संघ कार्यालय में हुई बैठक में बोल रहे थे।
मौके पर उन्होंने रिटायर्ड कर्मियों से वर्ष 2018 के बाद सेवानिवृत्त सभी कर्मचारियों को एकजुट होकर टीम बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि संघ उनकी मांगों को लेकर पूरी मजबूती से साथ खड़ा रहेगा।
जल्द ही प्रतिनिधिमंडल के साथ एचईसी प्रबंधन से वार्ता कर बकाया भुगतान के मुद्दे पर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया प्रबंधन कर्मियों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान करेगा।
बैठक में कई रिटायर्ड कर्मियों ने कहा कि वर्ष 2018 से सेवानिवृत्त कर्मचारियों का ग्रेच्युटी, सीपीएफ और लीव इनकैशमेंट सहित कई मदों का भुगतान अब तक लंबित है। कर्मियों ने बताया कि बकाया राशि नहीं मिलने के कारण आर्थिक संकट गहरा गया है और इलाज सहित दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एचईसी प्रबंधन भुगतान को लेकर गंभीर नहीं है। कर्मियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द भुगतान नहीं हुआ तो वे न्यायालय की शरण लेने को बाध्य होंगे।
बैठक में मुख्य रूप से शैल कुमार, हृदय नारायण सिंह, अखिलेश सिंह, प्रदीप कुमार, जवाहर प्रसाद, मिथलेश सिंह और राजू सहित कई रिटायर्ड कर्मी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

