एचईसी की आठों यूनियनें 17 नवंबर को करेंगी मुख्यालय का घेराव

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी की आठों यूनियनें 17 नवंबर को करेंगी मुख्यालय का घेराव


एचईसी की आठों यूनियनें 17 नवंबर को करेंगी मुख्यालय का घेराव


-मजदूरों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील

रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) समेत एचईसी की आठों यूनियनों ने संस्थान की वर्तमान स्थिति और मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर 17 नवंबर को मुख्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया है। आंदोलन के तहत मजदूर लगातार तीसरे दिन भी अपनी ड्यूटी करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे लंच के समय बड़ी संख्या में एकजुट होकर एचईसी मुख्यालय का घेराव करेंगे।

हटिया मजदूर यूनियन (सीटू) के कार्यकारी अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने मजदूरों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील करते हुए कहा कि एचईसी को बचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए मजदूरों को आपसी भेदभाव भुलाकर एकजुट होना होगा और प्लांटों में आंदोलन का व्यापक प्रचार-प्रसार करना होगा।

यादव ने मजदूरों की मांगों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें समय पर वेतन भुगतान, कैंटीन की व्यवस्था और सभी प्रकार के बकाया वेतन का अविलंब भुगतान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

उन्होंने प्रबंधन पर सरकार के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि एचईसी को कमजोर कर कौड़ियों के भाव बेचने की तैयारी की जा रही है। उनके अनुसार, प्लांटों में मशीनों और स्टोर का तेजी से डेटा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने मजदूरों को आगाह किया कि बिना उचित जानकारी और समझ के किसी भी तरह का डेटा उपलब्ध कराने से बचें।

हरेंद्र यादव ने छह करोड़ रुपये की देनदारी को लेकर उठ रहे सवालों पर भी प्रबंधन की मंशा पर संदेह जताया। उन्होंने कहा कि एचईसी के सभी मजदूरों का कारखाने में समान योगदान है। ऐसे में किसी भी तरह के आपसी मतभेद को आंदोलन में बाधा नहीं बनने देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि 17 नवंबर को मुख्यालय घेराव में बड़ी संख्या में मजदूर शामिल होंगे और एचईसी को बचाने की लड़ाई को मजबूती देंगे।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story