एचईसी कर्मचारियों को क्रिकेट मैच के पास लॉटरी सिस्टम से बांटने की मांग
रांची, 06 अक्टूबर (हि.स.)। एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष शनि सिंह ने मंगलवार को एचईसी के निदेशक कार्मिक से मुलाकात कर आगामी नौ अक्टूबर को जेएससीए स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 क्रिकेट मैच के लिए एचईसी को मिलने वाले पास कर्मचारियों के बीच लॉटरी के माध्यम से वितरित करने की मांग की।
शनि सिंह ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि लॉटरी के माध्यम से पास वितरित किए जाने से कर्मचारियों के बीच भेदभाव की स्थिति नहीं रहेगी और अधिक से अधिक कर्मियों को मैच देखने का अवसर मिल सकेगा। उन्होंने मांग की कि जिन कर्मचारियों को पिछले मैचों में पास मिल चुके हैं, उनके नाम इस बार की लॉटरी में शामिल नहीं किए जाएं, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी मौका मिल सके।
उन्होंने बताया कि पूर्व में एचईसी प्रबंधन की ओर से मैच के पास कर्मचारियों के बीच लॉटरी सिस्टम के माध्यम से वितरित किए जाते थे। हालांकि, पिछले दो मैचों के पास बिना लॉटरी के बांटे गए, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी और आक्रोश उत्पन्न हुआ।
शनि सिंह ने कहा कि जेएससीए की ओर से एचईसी को मैच के लिए 100 पास उपलब्ध कराए जाते हैं। ऐसे में इन पासों का पारदर्शी तरीके से वितरण जरूरी है। उन्होंने प्रबंधन से पुरानी व्यवस्था बहाल करते हुए लॉटरी के माध्यम से पास वितरित करने की मांग की, ताकि कर्मचारियों को निष्पक्ष रूप से मैच देखने का अवसर मिल सके।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

