झारखंड में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई इलाकों में जलजमाव,27 तक येलो अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई इलाकों में जलजमाव,27 तक येलो अलर्ट


रांची, 25 सितंबर (हि.स.)। ओडिशा और छत्तीसगढ़ में बने अती निम्न दबाव के कारण पिछले तीन दिनों से हो रही भारी बारिश से पूरा झारखंड पानी पानी हो गया है। शुक्रवार को भी दिनभर बारिश होती रही। इससे राज्य की कई नदियां, नाले, डैम एवं वाटरफॉल उफान पर है, जबकि राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न शहरों के कई मुहल्लों में बारिश का पानी घर में घुस गया।

रांची के पंडरा, हरमू, अरगोड़ा, कोकर, हिनू, धुर्वा, अशोकनगर, अपर बाजार सहित विभिन्न इलाकों में सड़कों पर भारी जल जमाव की स्थिति बनी हुई है। साथ ही कई घरों में बारिश का पानी घुस जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के कारण रांची के कोकर और डोरंडा सहित कई इलाकों में सड़क पर पेड़ गिर गए। इससे यातायात बाधित हो गया। वहीं बारिश के कारण रांची के अधिकांश इलाकों में बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई रही।

मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर तक गर्जन के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 28 सितंबर से बारिश से राहत की संभावना जताई है।

विभाग के अनुसार, दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण के अंदरूनी ओडिशा के ऊपर बना अति निम्न दबाव पिछले 15 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। यह सुबह तक रायपुर (छत्तीसगढ़) से लगभग 70 किमी पूर्व, बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से 90 किमी दक्षिण, चंपा (छत्तीसगढ़) से 90 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम और पेंड्रा रोड (छत्तीसगढ़) से 170 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में स्थित था।

इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ते रहने और आनेवाले समय में अति निम्न दबाव की तीव्रता बनाए रहने की काफी संभावना है। इसके बाद के 12 घंटों में इसके कमजोर होकर 'वेल-मार्क्ड लो प्रेशर एरिया' (स्पष्ट रूप से चिह्नित कम दबाव वाले क्षेत्र) में बदलने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश सरायकेला में 94.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई। वहीं इस दौरान रांची में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई।

शुक्रवार को रांची में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं जमशेदपुर में अधिकतम 28 डिग्री और न्यूनतम 24.4 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 28.8 और न्यूनतम 24.5 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 28.1 डिग्री और न्यूनतम 23.1 डिग्री एवं चाईबासा में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।---------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story