रांची में झमाझम बारिश से गर्मी और उमस से राहत, 19 तक वज्रपात की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
रांची में झमाझम बारिश से गर्मी और उमस से राहत, 19 तक वज्रपात की चेतावनी


रांची में झमाझम बारिश से गर्मी और उमस से राहत, 19 तक वज्रपात की चेतावनी


रांची, 15 सितंबर (हि.स.)। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में पिछले दो-तीन दिनों से जारी गर्मी और उमस के बीच मंगलवार को हुई झमाझम बारिश से लोगों को राहत मिली। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहाना हो गया। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न जिलों में 19 सितंबर तक वज्रपात की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कई इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून से जुड़ी मौसमी गतिविधियां राज्य में सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक 16.6 मिलीमीटर बारिश रांची के खलारी में रिकॉर्ड की गई। इस अवधि में सबसे अधिक तापमान लातेहार में 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान रांची के कांके में 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और न्यूनतम 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32.4 और न्यूनतम 25 डिग्री, डाल्टनगंज में 33.6 और 25.7 डिग्री, बोकारो में 34.1 और 25.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 34.4 और न्यूनतम 23.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story