चक्रवात के खतरे को लेकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह,फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में देना अनिवार्य

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात के खतरे को लेकर किसानों को सतर्क रहने की सलाह,फसल नुकसान की सूचना 72 घंटे में देना अनिवार्य


-फसल नुकसान होने पर बीमित किसानों को 72 घंटे के भीतर देनी होगी सूचना, प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश

रामगढ़, 20 नवंबर (हि.स.)। अकवान चक्रवात के कारण संभावित भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए रामगढ़ जिला प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला प्रशासन और सहकारिता विभाग ने फसल सुरक्षा तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा दावा करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

प्रशासन ने किसानों से संभावित तेज हवाओं और बारिश से खड़ी फसलों तथा खेतों में रखी कटी हुई उपज को बचाने के लिए समय रहते एहतियाती कदम उठाने की अपील की है। जारी निर्देश के अनुसार, अधिसूचित स्थानीय आपदा अथवा फसल कटाई के बाद खेत में रखी उपज को नुकसान पहुंचने की स्थिति में बीमित किसानों को घटना के 72 घंटे के भीतर फसल क्षति की सूचना देना अनिवार्य होगा।

फसल नुकसान की जानकारी कृषि रक्षक पोर्टल, टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 14447, क्रॉप इंश्योरेंस ऐप, संबंधित बीमा कंपनी, नजदीकी पैक्स अथवा प्रखंड कार्यालय में दर्ज कराई जा सकती है।

वहीं, खड़ी फसलों को व्यापक नुकसान होने की स्थिति में बीमा इकाई स्तर पर क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट के वास्तविक उपज आंकड़ों के आधार पर क्षति का आकलन किया जाएगा। इस प्रक्रिया के लिए किसानों को व्यक्तिगत रूप से नुकसान की सूचना देने की आवश्यकता नहीं होगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों, बीमा कंपनियों और पैक्स को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया है। साथ ही किसानों तक समय पर आवश्यक जानकारी पहुंचाने और फसल क्षति की रिपोर्टिंग एवं आकलन की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया है।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित कोई भी पात्र किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभ से वंचित न रहे।-------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story