झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में बरसेंगे बादल

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट, चार जिलों में बरसेंगे बादल


रांची, 16 नवंबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में मंगलवार से मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार और बुधवार को राज्य के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। वहीं, 20 और 21 नवंबर को कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 20 नवंबर को राज्य के दक्षिणी हिस्से के चार जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 21 नवंबर को मध्यवर्ती और पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है।

इधर, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस चाईबासा में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13.1 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रिकॉर्ड किया गया।

सोमवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा। हालांकि, दोपहर बाद आसमान में आंशिक रूप से बादल छा गए। दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की गई, जबकि सुबह कुहासा छाए रहने से ठंड का एहसास हुआ।

सोमवार को रांची में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री और न्यूनतम 17.8 डिग्री, डाल्टनगंज में अधिकतम 32 डिग्री और न्यूनतम 16.6 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 29.5 डिग्री और न्यूनतम 16.1 डिग्री तथा चाईबासा में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 16.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777913 Articles

Share this story