झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप, पलामू में पारा 45 डिग्री के पार, हीट वेव का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में भीषण गर्मी का प्रकोप, पलामू में पारा 45 डिग्री के पार, हीट वेव का अलर्ट


रांची, 22 मई (हि.स.)। झारखंड में भीषण गर्मी और लू का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में 25 और 26 मई को हीट वेव चलने की आशंका जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान पलामू जिले में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा गढ़वा और चतरा में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजधानी रांची में भी गर्मी का असर साफ दिखाई दिया। यहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दोपहर बाद आंशिक बादल छाने से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने 24 मई को राज्य के उत्तर-पूर्वी और इससे सटे मध्यवर्ती जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री और न्यूनतम 29.6 डिग्री सेल्सियस रहा। डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बोकारो में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री और न्यूनतम 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री और न्यूनतम 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं, राज्य में सबसे कम तापमान गुमला जिले में 22.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story