झारखंड में बढ़ी गर्मी, कई जिलों में तापमान सामान्य से 4–5 डिग्री अधिक
-20 मार्च तक बारिश-तेज हवाओं का येलो अलर्ट
रांची, 16 मार्च। झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में मार्च महीने में ही गर्मी का असर तेज होने लगा है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान सामान्य से चार से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे गर्मी का प्रभाव और अधिक महसूस किया जाएगा।
मौसम विभाग की ओर से यह भी बताया गया कि राज्य में मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक बदलता रहेगा। बीच-बीच में बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में अस्थायी गिरावट देखने को मिल सकती है। विभाग ने सोमवार को बताया कि राज्य के कई जिलों में 20 मार्च तक गर्जन के साथ हल्की बारिश होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले तीन से चार दिनों के दौरान राजधानी रांची सहित राज्य के कई इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिला है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सोमवार को राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और मध्यम गति से हवाएं चलती रहीं। रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य के अन्य प्रमुख शहरों की बात करें तो जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस, डाल्टनगंज में अधिकतम 38.7 डिग्री और न्यूनतम 20.1 डिग्री, बोकारो में अधिकतम 37.5 डिग्री और न्यूनतम 18.2 डिग्री, जबकि चाईबासा में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें और तेज हवाओं तथा आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

