सात दिनों में मांगें पूरी नहीं हुईं तो स्वास्थ्यकर्मी करेंगे आंदोलन

WhatsApp Channel Join Now
सात दिनों में मांगें पूरी नहीं हुईं तो स्वास्थ्यकर्मी करेंगे आंदोलन


देवघर, 10 मई (हि.स.)। कुष्ठ आश्रम रोड स्थित झारखंड चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला कार्यालय में रविवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष मनोज कुमार मिश्र ने की। बैठक में मुख्य रूप से स्वास्थ्य विभाग के नियमित, अनुबंध एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों के वेतन, मानदेय और अन्य देय लाभों के भुगतान में हो रही देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सिविल सर्जन से मांग की जाएगी कि सात दिनों के भीतर सभी लंबित भुगतान सुनिश्चित किए जाएं, अन्यथा कर्मचारी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। संघ की प्रमुख मांगों में सभी कर्मचारियों के लंबित वेतन, मानदेय एवं पारिश्रमिक का भुगतान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ( एनएचएम) के अनुबंध कर्मियों को वर्ष 2025-26 के एप्रेजल के आधार पर 5 से 8 प्रतिशत मानदेय वृद्धि, जिला स्तरीय कर्मचारियों को एमएसीपी एवं एसीपी का लाभ एरियर सहित देने तथा बॉन्ड सेवा कर्मियों के लंबित मानदेय का भुगतान शामिल है।

इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारवां में हुए कथित कोषागार घोटाले में तत्कालीन निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी सह प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग भी की गई।

वहीं रक्त केंद्र, देवघर में अस्पताल प्रबंधन समिति द्वारा नियुक्त सफाई कर्मी छोटू राम को अक्टूबर 2025 से लंबित पारिश्रमिक भुगतान की मांग भी उठाई गई। संघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 18 मई 2026 को जिलेभर के स्वास्थ्यकर्मी काला बिल्ला लगाकर कार्य करेंगे तथा 19 मई 2026 को एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल पर रहेंगे।

बैठक में जिला सचिव अरुण प्रसाद यादव, संयुक्त सचिव संजीव कुमार मिश्र, कोषाध्यक्ष सौरभ रिचर्ड, एएनएम संघ की सचिव आरती कुमारी सहित उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story