मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मुलाकात, विकास व स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मुलाकात, विकास व स्वास्थ्य सेवाओं पर हुई चर्चा


रांची, 12 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रविवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मुलाकात की। इस दौरान डॉ. अंसारी ने इस भेंट को औपचारिक नहीं बल्कि छोटे भाई द्वारा बड़े भाई से की गई आत्मीय और भावनात्मक मुलाकात बताया।

मुलाकात के दौरान राज्य में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं, जनकल्याणकारी पहलों और भविष्य की रणनीतियों पर विस्तृत चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने झारखंड के समग्र विकास, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आम जनता तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

इस संबंध में डॉ. अंसारी ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कुछ लोग अफवाहें फैलाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी विचारधारा और लक्ष्य पूरी तरह एक हैं।

डॉ. अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी और हेमंत सोरेन दोनों ही जनहित, न्याय और विकास के मार्ग पर अग्रसर नेता हैं, जो एक-दूसरे के पूरक हैं और देश व प्रदेश को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह केंद्रित है और किसी भी तरह की भ्रामक खबरों से प्रभावित हुए बिना विकास के एजेंडे को आगे बढ़ाया जाएगा।------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Share this story