(अपडेट )स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट )स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने की बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की अपील


नोट: इस खबर को अपडेट की गई डेटलाइन के साथ फिर से जारी किया गया है।

देवघर, 23 नवंबर (हि.स.)। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सोमवार को देवघर जिले के मधुपुर में चल रहे पल्स पोलियो अभियान में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर सहिया और आंगनबाड़ी सेविकाओं के साथ लोगों को बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के प्रति जागरूक किया।

मंत्री ने कहा कि राज्य को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित टीकाकरण और जनजागरूकता बेहद जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सक्रियता से काम करने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान की स्थिति का जायजा लिया और अभिभावकों से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।

अभियान के तहत घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने स्वास्थ्यकर्मियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए अभियान की सफलता के लिए सामूहिक भागीदारी की अपील की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story