स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने हजारीबाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने हजारीबाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया औचक निरीक्षण


हजारीबाग, 22 सितंबर (हि.स.)। जामताड़ा से रांची जाने के क्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को हजारीबाग जिले के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों और भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली तथा स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सरकारी अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीजों का इलाज होता देख मंत्री ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने नवजात शिशुओं के परिजनों से भी मुलाकात की और खुशी जताते हुए उन्हें रुपये दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अस्पताल की साफ-सफाई, शौचालय और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शौचालय की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों को अस्पताल परिसर के साथ-साथ शौचालयों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

डॉ. अंसारी ने कहा कि वह जब भी किसी अस्पताल का निरीक्षण करते हैं, तो सबसे पहले शौचालय की स्थिति देखते हैं। स्वच्छता बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में स्वास्थ्य व्यवस्था में जिस गति से सुधार होना चाहिए था, वह नहीं हो पाया। मंत्री बनने के बाद से वह स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। सरकारी अस्पतालों में हो रहे बदलाव को लेकर लोगों से लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनता का विश्वास, प्यार और आशीर्वाद उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वह पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story