झारखंड में 942 चिकित्सकों की बहाली प्रक्रिया शुरू

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में 942 चिकित्सकों की बहाली प्रक्रिया शुरू


रांची, 26 मार्च (हि.स.)। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 942 चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों और सरकारी अस्पतालों में गुरूवार को रिक्त पदों को भरने के लिए अधियाचना भेजी है। इनमें 276 पदों के लिए झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को प्रस्ताव भेजा गया है, जबकि 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों के लिए भी नियुक्ति प्रक्रिया तेज की गई है। इस बहाली से विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरूवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।

जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार ने नियुक्तियों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया है। मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण व्यवस्था सुधारने के लिए 180 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होगी। वहीं धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग, पलामू और दुमका के मेडिकल कॉलेजों में 96 सुपर स्पेशियलिटी विशेषज्ञों की बहाली की जाएगी।

इसके अलावा जिला और अनुमंडल अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति होगी, जिनमें 506 पद नियमित और 160 पद बैकलॉग के हैं। इस संबंध में विभाग ने कार्मिक विभाग को पत्र लिखकर जेपीएससी को अधियाचना

जारी करने का आग्रह

किया गया है, ताकि नियमित नियुक्ति हो सके। इनमें सर्वाधिक पद फिजिशियन (226) और शिशु रोग विशेषज्ञ (224) के हैं, इनमें स्त्री रोग विशेषज्ञ सहित अन्य पदों की संख्या भी शामिल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story