झारखंड में सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
झारखंड में सीजनल इन्फ्लूएंजा को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट


रांची, 31 अगस्त (हि.स.)। देश के कई राज्यों में इन्फ्लूएंजा ए एच-1 एन-1 और एच 3 एन 2 के बढ़ते मामलों को देखते हुए झारखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने सोमवार को राज्य के सभी सिविल सर्जन, मेडिकल कॉलेजों और जिला सर्विलेंस पदाधिकारियों को निगरानी और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। हालांकि, वर्तमान में झारखंड में इन्फ्लूएंजा संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई है।

स्वास्थ्य विभाग ने रिम्स और एमजीएम, जमशेदपुर में इन्फ्लूएंजा की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई है। सभी जिला अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में संभावित मरीजों के लिए कम से कम 10 बेड का अलग आइसोलेशन वार्ड चिन्हित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में पीपीई किट, एन-95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क, वीटीएम किट, आवश्यक दवाएं, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा गया है।

ओपीडी में आने वाले आईएलआई यानी सर्दी, खांसी और बुखार और एसएआरआई यानी गंभीर श्वसन संक्रमण के मरीजों की स्क्रीनिंग अनिवार्य होगी। सभी मामलों की आईएचआईपी पोर्टल पर नियमित रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जाएगी।

आईईसी स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ राहुल किशोर सिंह ने बताया कि बचाव और जागरूकता के लिए प्रचार सामग्री जारी की जा रही है। बुजुर्ग, पांच वर्ष तक के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग विशेष सावधानी बरतें।

राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार सिंह ने लोगों से भीड़ में मास्क पहनने, हाथों की स्वच्छता रखने और पर्याप्त तरल पदार्थ लेने की अपील की। बिना चिकित्सकीय सलाह एंटीबायोटिक न लेने और लक्षण होने पर सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने को कहा गया। स्वास्थ्य परामर्श के लिए 104 हेल्पलाइन उपलब्ध है।

बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, राज्य सर्विलेंस पदाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार सिंह, आईईसी स्टेट नोडल ऑफिसर डॉ राहुल किशोर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story