एचईसी मजदूरों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रबंधन से वार्ता

WhatsApp Channel Join Now
एचईसी मजदूरों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रबंधन से वार्ता


रांची, 30 जून (हि.स.)। एचईसी के स्थायी और सप्लाई ठेका मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मंगलवार को एचईसी प्रबंधन और मजदूर प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई।

इस दौरान हटिया मजदूर यूनियन सीटू के अध्यक्ष भवन सिंह ने कहा कि एचई्रसी में मजदूरों की समस्याओं, प्लांट कमेटी और ग्रीवांस कमेटी के जल्द गठन करने, लंबित भुगतान किए जाने, कम वेतन, पीएफ लेजर उपलब्ध कराने, प्रमोशन और ग्रेडेशन जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

वहीं, मजदूर प्रतिनिधियों ने कहा कि सप्लाई ठेका मजदूरों के लंबित भुगतान का निपटारा प्रत्येक माह 04 से 07 तारीख के बीच किसी भी स्थिति में करने का आश्वासन दिया गया है। साथ ही पीएफ लेजर में आई तकनीकी गड़बड़ियों को दूर कर जल्द सभी मजदूरों को उपलब्ध कराने की बात कही गई। केंद्रीय वेतनमान लागू करने सहित अन्य मुद्दों पर भी बातचीत जारी है।

बैठक में मजदूरों से दो जुलाई 2026 को मुख्यालय परिसर के समीप आयोजित होने वाली आमसभा में भारी संख्या में शामिल होने की अपील की गई। सभा में चल रही वार्ताओं और विभिन्न मांगों की प्रगति की जानकारी साझा की जाएगी।

मजदूर नेताओं ने सप्लाई ठेका मजदूरों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व के आंदोलनों से हुए नुकसान की भरपाई और मजदूर हितों की रक्षा के लिए संगठित प्रयास आवश्यक है।

वार्ता में हटिया मजदूर यूनियन सीटू के कार्यवाहक महामंत्री दिनेश बैठा, हटिया मजदूर लोक मंच के प्रतिनिधि बिमल महली, चिराग बारला सहित अन्य लोग शामिल थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

Share this story