रांची में 12 अप्रैल को हटिया कामगार यूनियन का सम्मेलन, नई कार्यकारिणी का होगा चुनाव
रांची, 11 अप्रैल (हि.स.)। हटिया कामगार यूनियन (एटक) का 17वां सम्मेलन 12 अप्रैल 2026 को केदार दास हॉल में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन रविवार सुबह नौ बजे से शुरू होगा, जिसमें यूनियन के सदस्य और पदाधिकारी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
यूनियन के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सभी सदस्यों से समय पर उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में देश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों के संदर्भ में मजदूर आंदोलन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा एचईसी में हुए विभिन्न आंदोलनों की समीक्षा करते हुए भविष्य की रणनीति और आंदोलन के तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यूनियन के आय-व्यय का लेखा-जोखा भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सम्मेलन के दौरान नए अध्यक्ष, महासचिव और कार्यकारिणी समिति का चुनाव किया जाएगा, जिसके बाद नए पदाधिकारियों का चयन होगा।
कार्यक्रम की शुरुआत यूनियन परिसर में झंडोत्तोलन से होगी। इसके बाद मजदूर आंदोलन में शहीद हुए श्रमिकों और नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही पिछले सम्मेलन के बाद दिवंगत हुए एचईसी कर्मियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर शोक संवेदना व्यक्त की जाएगी।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रमिकों और यूनियन से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

