वेंकटेश्वर मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मना हरिशयनी एकादशी व्रतोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
वेंकटेश्वर मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मना हरिशयनी एकादशी व्रतोत्सव


रांची, 25 जुलाई (हि.स.)।

राजधानी के रातू रोड स्थित श्रीलक्ष्मी वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार को श्रीहरि शयनी एकादशी को ले श्रद्धा और भक्ति और सनातन परम्पराओं के अनुसार विभिन्न अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। इसके साथ ही चातुर्मास्य व्रत का शुभारम्भ हो गया।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर सनातन परमात्मा श्रीहरि वेंकटेश्वर सहित श्रीश्रीदेवी-भूमिदेवी, चक्रराज सुदर्शन और भगवान् के चरणपादुका शठकोप जी का विधिपूर्वक दूध, दधि, शहद, डाभयुक्त जल और गंगा एवं गंडकी के पवित्र जल से महाभिषेक कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच क्रमशः हरिद्राचूर्ण का उबटन और सुगंधित चंदन से लेपन करके शंखधारा, चक्रघारा, कुंभधारा और सहस्त्रधारा से घंटा-घड़ियाल से महाभिषेक किया गया।

भगवान को रजनीगन्धा और गुलाब फूल के मालाओं से भव्य श्रृंगार

इसके बाद सभी प्रतिष्ठापित विग्रहों को धूप, दीप, अगरू से सुवासित करके रेशमी वस्त्रों से आवृत कर, आभूषणों से सुसज्जित किया गया एवं रजनीगन्धा तथा गुलाब फूल के गूंथे मालाओं से भव्य श्रृंगार किया गया। इसके बाद भगवान् को फलाहारी व्यंजनों का बालभोग अर्पित कर नक्षत्र, कुंभ एवं कर्पूर से महाआरती हुई। फिर वेदध्वनियों से महास्तुति की गयी। इस अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ हुयी। कतारबद्ध हो बारी-बारी श्रद्धालुओं ने भगवान वेंकटेश का तुलसी अर्चना, माता लक्ष्मीजी की कुंकुम से अर्चना एवं विष्णु सहस्त्रनाम की अर्चना कराई।

इस अवसर पर भक्तों ने भगवान से सभी पापों का नाश करने, सुख, शांति, आयु-आरोग्य और मोक्ष की प्राप्ति की कामना की।

उद्यास्तमन सेवा सहित महाभिषेक के यजमान पुलक सिंघानिया पत्नी आयुषी सिंघानिया, फलाहारी महाभोग निवेदन अजित और उनकी पत्नी बबीता कुमारी जबकि पुष्प-श्रृंगार सेवा अमरेश कुमार गुप्ता पत्नी ऊषा गुप्ता लातेहार की ओर से हुआ ।

इस अवसर पर सत्यनारायण गौतम, गोपेश आचार्य और नारायण दास ने रात्रि लोरी सुनाकर भगवान् का शयन कराया। आरती के बाद त्रुटि-क्षमा प्रार्थना की गई।

मौके पर राम अवतार नरसरिया, अनूप अग्रवाल, प्रदीप नरसरिया, रंजन सिंह, राजेश सुलतानिया, सुशील लोहिया, रामवृक्ष साहू, भोला वर्णवाल, शम्भुनाथ मिश्र, सुशील गाड़ोदिया सहित अन्य मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

Share this story