दादी के नाम की मेहंदी से सजे हाथ, भजनों पर झूम उठा रानी सती का दरबार

WhatsApp Channel Join Now
दादी के नाम की मेहंदी से सजे हाथ, भजनों पर झूम उठा रानी सती का दरबार


दादी के नाम की मेहंदी से सजे हाथ, भजनों पर झूम उठा रानी सती का दरबार


रामगढ़, 08 सितंबर (हि.स.)। जय श्री दादी जी के जयकारों और भक्तिमय वातावरण के बीच श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में मंगलवार को श्री रानी सती दादी मंदिर के भव्य प्रांगण में 20वें भादो अमावस्या महोत्सव का शुभारंभ धूमधाम से हुआ। महोत्सव के प्रथम दिन आयोजित मेहंदी उत्सव में दादी भक्तों ने भक्ति और उल्लास के साथ दादी जी के हाथों में मेहंदी रचाई।

मेहंदी उत्सव के दौरान मंदिर परिसर मीठे-मीठे भजनों से गूंजता रहा। दादी भक्त भजनों पर नाचते-गाते नजर आए और पूरे उत्सव का माहौल भक्तिमय हो गया। दादी जी को मेहंदी लगाने में मंजू अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, अनीता अग्रवाल एवं संगीता बुधिया सहित दादी बहनों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

मेहंदी उत्सव को और खास बनाने के लिए धनबाद के प्रसिद्ध भजन गायक आयुष शर्मा को आमंत्रित किया गया था। उन्होंने अपनी मधुर भजनों की प्रस्तुति से दादी भक्तों को खूब झुमाया। भजनों के दौरान श्रद्धालुओं ने जमकर तालियां बजाईं और भक्ति के रंग में सराबोर होकर नृत्य किया।

मेहंदी उत्सव को लेकर श्री रानी सती दादी मंदिर के दरबार को आकर्षक फूलों से बेहद सुंदर ढंग से सजाया गया था। मंदिर की साज-सज्जा श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रही। वहीं, श्री रानी सती महिला मंगल समिति की सदस्यों ने भी मधुर भजनों के माध्यम से दादी जी का गुणगान किया। मंदिर कमेटी की ओर से 101 दादी बहनों के हाथों में मेहंदी लगाई गई। इस दौरान महिलाओं एवं दादी भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

मेहंदी उत्सव के समापन अवसर पर विधिवत महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर दादी जी के जयकारों से गूंजता रहा। 20वें भादो अमावस्या महोत्सव के संयोजक अशोक अग्रवाल हैं।

मेहंदी उत्सव में श्री रानी सती महिला मंगल समिति की मंजू अग्रवाल, सुधा अग्रवाल, अनीता अग्रवाल, संगीता बुधिया, सीमा अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, सीमा मोदी, अनीता शर्मा, शशि जैन सहित दर्जनों दादी महिला भक्त शामिल हुईं।

वहीं आयोजन को सफल बनाने में श्री मारवाड़ी सेवा ट्रस्ट के बजरंग लाल अग्रवाल, ओम प्रकाश अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, महेंद्र अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, अजय अग्रवाल सहित ट्रस्ट के सदस्यों और दादी भक्तों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story