झारखंड के आधे जिलों में सामान्य, आधे में सामान्य से कम बारिश
-एक जून से 20 अगस्त तक 12 जिलों में सामान्य बारिश, चतरा के हंटरगंज में 58.8 मिमी वर्षा
रांची, 20 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में इस मानसून अब तक आधे जिलों में सामान्य, जबकि आधे जिलों में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। एक जून से 20 अगस्त तक राज्य के 12 जिलों में सामान्य बारिश हुई है, जबकि शेष 12 जिलों में बारिश सामान्य से कम रही है। मौसम विभाग के अनुसार सामान्य से 20 प्रतिशत तक कम बारिश को सामान्य श्रेणी में माना जाता है।
सामान्य बारिश वाले जिलों में पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 45 प्रतिशत अधिक, सिमडेगा में छह प्रतिशत अधिक, सरायकेला-खरसावां में सात प्रतिशत अधिक, रांची में छह प्रतिशत अधिक, लातेहार में दो प्रतिशत अधिक और खूंटी में आठ प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं रामगढ़ में 15 प्रतिशत, लोहरदगा में एक प्रतिशत, जामताड़ा में 19 प्रतिशत और दुमका में 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है। पूर्वी सिंहभूम में बारिश सामान्य के बराबर रही, जबकि धनबाद में नौ प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई।
राज्य के 12 जिलों में बारिश सामान्य से कम रही। इनमें बोकारो में 26 प्रतिशत, चतरा में 44 प्रतिशत, देवघर में 46 प्रतिशत, गढ़वा में 46 प्रतिशत, गिरिडीह में 37 प्रतिशत, गोड्डा में 29 प्रतिशत, गुमला में 22 प्रतिशत, हजारीबाग में 31 प्रतिशत, कोडरमा में 45 प्रतिशत, पाकुड़ में 53 प्रतिशत, पलामू में 30 प्रतिशत और साहिबगंज में 20 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई।
इधर, पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक 58.8 मिलीमीटर बारिश चतरा जिले के हंटरगंज में दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रांची के नामकुम में रिकॉर्ड किया गया।
गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से बादल छाए रहे। हालांकि, दोपहर तक बारिश नहीं हुई और मौसम सुहाना बना रहा। रांची में अधिकतम तापमान 25.2 और न्यूनतम 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम 24.6 डिग्री, डाल्टनगंज में 28.5 और 25.6 डिग्री, बोकारो में 29.5 और 24.2 डिग्री तथा चाईबासा में 29.8 और 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak

