राहुल दुबे गैंग के शूटर आनंद कुमार का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

WhatsApp Channel Join Now
राहुल दुबे गैंग के शूटर आनंद कुमार का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली


राहुल दुबे गैंग के शूटर आनंद कुमार का हाफ एनकाउंटर, पैर में लगी गोली


चतरा, 25 नवंबर (हि.स.)। राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ टंडवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के शूटर आनंद कुमार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बुधवार अहले सुबह थाना क्षेत्र के होन्हे गोड़वार जंगल में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आनंद कुमार के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और दो खोखा बरामद किया है।

इस संबंध में चतरा एसपी अनिमेष नैथानी ने बताया कि बीते 11 नवंबर को रंगदारी की मांग को लेकर टंडवा थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली परियोजना की एवीएस ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के साइट ऑफिस पर गोलीबारी की घटना हुई थी। मामले के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। एसआईटी ने पूछताछ के लिए चतरा निवासी आनंद कुमार को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान उसने आम्रपाली परियोजना स्थित एवीएस कंपनी के कार्यालय में फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। साथ ही हजारीबाग के एक होटल में हुई गोलीबारी में भी शामिल होने की बात बताई।

एसपी के अनुसार, घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए आनंद कुमार को उसके बताए स्थान होन्हे जंगल ले जाया गया था। वहां छिपाकर रखे हथियार को निकालने के बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई। जिसमें आनंद कुमार के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मुठभेड़ के दौरान अपराधी की ओर से दो और पुलिस की ओर से तीन राउंड गोली चलने की बात बताई गई है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आनंद कुमार ने गोलीबारी की घटनाओं में शामिल अन्य सहयोगियों के नामों का भी खुलासा किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। कार्रवाई के दौरान एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, टंडवा थाना प्रभारी विपिन कुमार, प्रशांत मिश्रा, प्रभात कुमार, मदन सिंह समेत पुलिस बल के जवान मौजूद थे।

पहले भी विकास सिंह का हुआ था हाफ एनकाउंटर

टंडवा क्षेत्र में राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों के खिलाफ पुलिस की यह दूसरी ऐसी कार्रवाई है। इससे पूर्व 23 अगस्त को उड़सू मोड़ स्थित सुशी चंद्रगुप्त कोल माइंस प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय में हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो अपराधियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में गिरफ्तार मुख्य शूटर विकास सिंह को पुलिस हथियार बरामदगी के लिए उसके बताए स्थान पर ले गई थी। इसी दौरान वह पुलिस को चकमा देकर पुलिस का पिस्टल छीनकर बसरिया घाटी के जंगल की ओर भागने लगा और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी थी। अब आनंद कुमार के साथ हुई मुठभेड़ की घटना से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर दबाव बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेन्द्र तिवारी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783241 Articles

Share this story