रजरप्पा से निकला शिव भक्तों का जत्था, शिवालयों में हुआ जलाभिषेक

WhatsApp Channel Join Now
रजरप्पा से निकला शिव भक्तों का जत्था, शिवालयों में हुआ जलाभिषेक


रामगढ़, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन की आखिरी सोमवारी रामगढ़ जिले में काफी धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर जिले के सभी शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के भक्तों की भीड़ उमड़ी। लोगों ने शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और भगवान शिव की आराधना की। सभी शिवालयों में इस मौके पर रुद्राभिषेक का भी आयोजन किया गया। रामगढ़ के कैथा प्राचीन शिव मंदिर, नेहरू रोड स्थित शंकर शिवालय मंदिर, टूटी झरना मंदिर, महामाया मंदिर के अलावा रजरप्पा मां छिन्नमस्तिका दरबार में भी भक्तों की भीड़ लगी रही। सुबह से लेकर रात तक भक्त शिवालय में पहुंचे और भगवान शिव से मनोकामना पूर्ण करने का आशीर्वाद मांगा।

सावन की आखिरी सोमवारी पर भगवान शिव को मनाने के लिए रामगढ़ जिले में कांवड़ यात्रा भी निकल गई। शिवभक्त रजरप्पा पहुंचे और भैरवी नदी में स्नान कर जल उठाया। जल लेकर शिव के भक्त नाचते गाते अपने शिवालय में पहुंचे। इस मौके पर सभी स्थानों पर मेले जैसा माहौल बन गया।

रामगढ़ जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के द्वारा आखिरी सोमवारी पर उमड़ने वाली भीड़ को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे, मुख्य मार्ग और राष्ट्रीय राजमार्ग पर तैनात रहे। शिवालय मंदिर में भी दंडाधिकारी और पुलिस जवानों की मौजूदगी रही। कहीं भी शांति व्यवस्था भंग ना हो इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश

Share this story